उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस 2026: इतिहास की विरासत, राजनीति की ताकत और विकास की नई उड़ान, सीएम योगी ने यूपी को बताया ‘विकास का ग्रोथ इंजन’.

उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस 2026: पूरे प्रदेश में आज 24 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस पूरे उत्साह, गौरव और भव्य आयोजनों के साथ मनाया जा रहा है। यह वही ऐतिहासिक दिन है जब 24 जनवरी 1950 को भारत के संविधान लागू होने से ठीक दो दिन पहले देश के सबसे बड़े राज्य के रूप में उत्तर प्रदेश का औपचारिक गठन हुआ था। आज उत्तर प्रदेश न सिर्फ आबादी के लिहाज़ से बल्कि राजनीति, संस्कृति, अर्थव्यवस्था और राष्ट्र निर्माण में अपनी निर्णायक भूमिका के कारण भी देश की दिशा तय करने वाला राज्य माना जाता है। इस बार उत्तर प्रदेश दिवस-2026 को ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ की थीम पर मनाया जा रहा है, जिसमें प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक विविधता, राजनीतिक योगदान और विकास यात्रा को एक साथ प्रस्तुत किया जा रहा है। ब्रिटिश दौर से आज तक: उत्तर प्रदेश के गठन की ऐतिहासिक यात्रा उत्तर प्रदेश का इतिहास औपनिवेशिक भारत से गहराई से जुड़ा हुआ है। वर्ष 1902 में अंग्रेज़ों ने इस क्षेत्र को यूनाइटेड प्रॉविंस ऑफ आगरा एंड अवध नाम दिया। यह प्रशासनिक इकाई आगे चलकर उत्तर भारत की राजनीतिक चेतना का केंद्र बनी। स्वतंत्रता संग्राम में काकोरी कांड, चंपारण आंदोलन, भारत छोड़ो आंदोलन और असंख्य जनांदोलनों में इस क्षेत्र की भूमिका ऐतिहासिक रही। आजादी के बाद 24 जनवरी 1950 को यूनाइटेड प्रॉविंस का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश रखा गया। लंबे समय तक पहाड़ी क्षेत्र भी इसी राज्य का हिस्सा रहे, लेकिन भौगोलिक और प्रशासनिक आवश्यकताओं के चलते वर्ष 2000 में उत्तराखंड को अलग राज्य का दर्जा दिया गया। पहले उत्तरांचल कहलाने वाला यह क्षेत्र बाद में उत्तराखंड बना, जिसमें कुमाऊं और गढ़वाल मंडल शामिल हैं। देश की राजनीति की धुरी: उत्तर प्रदेश का निर्णायक रोल उत्तर प्रदेश को भारतीय राजनीति की प्रयोगशाला कहा जाता है। सबसे अधिक लोकसभा सीटें देने वाला यह राज्य केंद्र की सत्ता की दिशा तय करता रहा है। आज़ादी के बाद से लेकर अब तक देश के कई प्रधानमंत्री-जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, अटल बिहारी वाजपेयी और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी-का राजनीतिक संबंध उत्तर प्रदेश से रहा है। 2026 में उत्तर प्रदेश डबल इंजन सरकार के मॉडल पर आगे बढ़ रहा है, जहां केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से विकास योजनाओं को गति मिली है। बीते वर्षों में कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर, निवेश और औद्योगिक विकास के मोर्चे पर यूपी ने अपनी छवि बदली है। कभी ‘बीमारू राज्य’ कहे जाने वाला उत्तर प्रदेश अब विकास का ग्रोथ इंजन बनने का दावा कर रहा है। उत्तर प्रदेश दिवस 2026: संस्कृति, सम्मान और वैश्विक पहचान इस वर्ष का उत्तर प्रदेश दिवस केवल एक सरकारी आयोजन नहीं बल्कि जनोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, लोक कला, खानपान और ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) की भव्य झलक देखने को मिल रही है। ओडीओपी प्रदर्शनी इस आयोजन का मुख्य आकर्षण है, जो स्थानीय उद्योगों और कारीगरों की ताकत को दर्शाती है। खास बात यह है कि इस बार फिजी, मॉरीशस, मालदीव, सिंगापुर और थाईलैंड जैसे देशों में भी यूपी दिवस मनाया जा रहा है, जिससे प्रवासी भारतीयों और विशेष रूप से यूपी मूल के लोगों को प्रदेश से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। उत्तर प्रदेश दिवस-2026 पर प्रदेश की 5 विभूतियों को गौरव सम्मान दिया जाएगा। इनमें अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, शिक्षाविद् अलख पांडेय, कृषि वैज्ञानिक डॉ. हरिओम पंवार, महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्यरत सुश्री रश्मि आर्य और शिक्षा व अनुसंधान से जुड़े डॉ. सुधांशु सिंह शामिल हैं। ये सम्मान प्रदेश की बौद्धिक, वैज्ञानिक और सामाजिक ताकत का प्रतीक हैं। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने दी बधाई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को मेरी शुभकामनाएं। गौरवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति की यह धरती भारत की विकास यात्रा में एक मजबूत आधार स्तंभ रही है। मुझे विश्वास है कि उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। मैं इस राज्य के मेहनती और प्रतिभाशाली लोगों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं।” ‘यूपी का सामर्थ्य काम आने वाला है’ पीएम मोदी ने भी उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, “भारतीय संस्कृति और विरासत की समृद्धि में अमूल्य योगदान देने वाले उत्तर प्रदेश के अपने सभी परिवारजनों को राज्य के स्थापना दिवस की बहुत-बहुत बधाई। डबल इंजन सरकार और विकास को समर्पित यहां के लोगों की सहभागिता से हमारे इस राज्य ने बीते नौ वर्षों में बीमारू से बेमिसाल प्रदेश बनने का सफर तय किया है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि देश की प्रगति को गतिशील बनाए रखने में उत्तर प्रदेश का सामर्थ्य बहुत काम आने वाला है।” ‘नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा यूपी’ गृहमंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की बधाई देते हुए एक पोस्ट में एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के सभी भाइयों-बहनों को प्रदेश के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। सनातन संस्कृति की अमूल्य विरासत से सिंचित, गंगा-यमुना की पावन और उर्वर भूमि उत्तर प्रदेश वह धरती है, जिसने राष्ट्र को संस्कृति, साधना, शक्ति और संकल्प के मार्ग पर सदैव अग्रसर किया है। आज डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश विकास और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रदेश के सदैव प्रगति पथ पर अग्रसर रहने की कामना करता हूं।” ‘विकास का ग्रोथ इंजन बना यूपी’ वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस की बधाई दी है। उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के मेरे प्रिय प्रवासी बहनों और भाइयों, विदेश में रहकर अपने परिश्रम, प्रतिभा और मूल्यों के माध्यम से आपने उत्तर प्रदेश और भारत का मान वैश्विक मंच पर बढ़ाया है। हमारी सरकार आपके अनुभव और ज्ञान को प्रदेश की विकास यात्रा से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है… आप सभी को उत्तर प्रदेश दिवस की हृदय से बधाई और मंगलमय शुभकामनाएं। असीम संभावनाओं का हमारा प्रदेश आज संघर्ष और नीतिगत उदासीनता की बेड़ियों को तोड़ते हुए बीमारू से भारत